![]()
पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर आज कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने कचहरी चौक स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “5 दिन में करीब 4 रुपए बढ़े दाम” कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव तक पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाए गए, लेकिन दो राज्यों में सरकार बनने के बाद कीमतों में लगातार बढ़ोतरी शुरू हो गई। कांग्रेस का कहना है कि पहले 3 रुपए और अब 90 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 5 दिनों में पेट्रोल-डीजल करीब 4 रुपए महंगा हो चुका है। इसका असर अब रोजमर्रा की जरूरतों और परिवहन खर्च पर भी दिखाई देगा। “महंगाई से आम जनता परेशान” प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से हर जरूरी सामान की कीमत बढ़ेगी और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता महंगाई, आर्थिक दबाव और बढ़ते खर्च से परेशान है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ पोस्टर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और बढ़ती महंगाई को लेकर नाराजगी जताई।
<
