![]()
बिलासपुर में पुलिस ने अपनी सक्रियता और ईमानदारी की मिसाल पेश की है। रात में मिले लावारिस सूटकेस को थाने में जमा कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए झारखंड के पलामू जिले के युवक की पहचान की, जिसके बाद उसे बुलाकर सूटकेस लौटाया। सूटकेस में करीब 3 लाख रुपए कीमती सोने-चांदी के गहने और कपड़े रखे थे। युवक अपने ससुराल आया था। इसी दौरान सूटकेस भूल गया था। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि 21 अप्रैल की देर रात गश्त के दौरान सरकंडा पुलिस को लावारिस बैग मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत बैग को सुरक्षित थाने में रख लिया और उसके मालिक की तलाश शुरू की। इसके लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। तब झारखंड के पलामू जिले के युवक की पहचान हुई। ससुराल आया था युवक, भूल गया था सूटकेस पुलिस की पूछताछ में पता चला कि झारखंड के पलामू जिले के हैदर नगर निवासी शेख आलमगीर (27) बिलासपुर अपने ससुराल आया था। बस से उतरने के बाद वह शिवघाट के पास अपना सूटकेस भूल गया, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े रखे हुए थे। ससुराल पहुंचने के बाद युवक सूटकेस की तलाश में जुटा रहा। पुलिस की तत्परता से मिला सुराग
पुलिस ने सूटकेस के असली मालिक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसके आधार पर बैग मालिक की पहचान शेख आलमगीर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह उसके ससुरालवालों से संपर्क किया, जिसके बाद आलमगीर को थाने बुलाया। सूटकेस में लगे ताले को खुलवाकर जांच की गई, जिसमें करीब 3 लाख के सोना-चांदी और कपड़े पाए गए। इस दौरान अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर शेख आलमगीर ने बिलासपुर पुलिस का आभार जताया और उनकी ईमानदारी की सराहना की।
<
