![]()
राजधानी में गाड़ियों की चोरी लगातार जारी है। चोरों के हौसले इतने बुलंद है, कि वो पुलिसकर्मियों की कस्टडी में रखी गाड़ियों को भी चोरी कर रहे है। यातायात थाना फाफाडीह के ठीक सामने खड़ा जब्त मेटाडोर अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। पुलिस की कस्टडी में रखा वाहन चोरी होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, मेटाडोर क्रमांक CG12BH3683 को 7 अप्रैल 2026 को प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने पर जब्त किया गया था। यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 115/194 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को थाना फाफाडीह के सामने सुरक्षार्थ खड़ा कर दिया था। वाहन चालक को आवश्यक दस्तावेजों के साथ 8 अप्रैल की सुबह 11 बजे उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। दो दिन तलाश के बाद एफआईआर दर्ज बताया जा रहा है कि वाहन दो दिनों तक थाने के सामने ही खड़ा रहा, लेकिन 9 और 10 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोर उसे मौके से लेकर फरार हो गए। पुलिसकर्मियों ने दो दिन तक गाड़ी की तलाश की, गाड़ी नहीं मिली तो फिर गंज थाने में लिखित शिकायत दी है। यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) केशरी कुमार साहू ने गंज थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में जुटे अफसर घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्धों की पहचान और वाहन की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमतौर पर जब्त वाहन थाने की निगरानी में सुरक्षित माने जाते हैं, लेकिन इस तरह की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
<
