![]()
भिलाई शहर के चौहान टाउन इलाके में बुधवार शाम एक फ्लैट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कमरे से लपटें और धुआं बाहर तक दिखाई देने लगा। हालांकि समय पर सूचना मिलने और दमकल टीम के तेजी से पहुंचने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना बुधवार रात की है। चौहान टाउन में स्थित श्री कृष्णा कावरिया के प्रथम तल के फ्लैट में अचानक आग लग गई। जैसे ही आग लगी, वहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। कमरे में भर चुका था धुआं
दमकल टीम के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी और पूरे कमरे में धुआं भर गया था। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने बिना समय गंवाए तुरंत काम शुरू किया। टीम ने जोखिम उठाते हुए धुएं और आग से भरे फ्लैट के अंदर जाकर आग बुझाने का काम किया। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल आग लगने का कारण साफ नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे शॉर्ट सर्किट से लगी आग माना जा रहा है। इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के बड़े नुकसान की खबर नहीं है। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दो दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया था। किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। उनके साथ सहायक प्रभारी प्रवीण बारा और दल प्रभारी केशव यादव व शरद मेश्राम मौजूद थे। टीम में धर्मेंद्र बंजारे, मोहन राव, राहुल, पवित्र, हरीश, मनोज, पराग और खेमराज जैसे कर्मचारी शामिल थे, जिन्होंने मिलकर आग पर काबू पाया।
<
