![]()
भिलाई के वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रिकेश सेन को एक अहम जिम्मेदारी मिली है। भारत सरकार ने उन्हें महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर होने वाले देशभर के कार्यक्रमों के लिए बनाई गई उच्च स्तरीय समिति में शामिल किया है। इस समिति की अध्यक्षता खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इस समिति में देश की 126 खास हस्तियों को जगह दी गई है। इसमें विधायक रिकेश सेन को 91वें नंबर पर सदस्य बनाया गया है। यह समिति पूरे देश में होने वाले कार्यक्रमों की योजना बनाएगी और उनके संचालन में मार्गदर्शन भी देगी। 2028 तक चलेंगे कार्यक्रम
यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम 11 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 11 अप्रैल 2028 तक दो साल तक चलेंगे। इन कार्यक्रमों का मकसद महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों को लोगों तक पहुंचाना है। खासकर सामाजिक बराबरी, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को नई पीढ़ी तक सरल तरीके से पहुंचाने पर जोर रहेगा। सरकार ने इस समिति का गठन 13 अप्रैल 2026 को आधिकारिक तौर पर गजट में प्रकाशित कर दिया है। इसके बाद से ही देशभर में इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सचिव के माध्यम से मिला पत्र
विधायक रिकेश सेन को इस जिम्मेदारी के लिए भारत सरकार के संयुक्त सचिव समर नंदा ने पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि उनकी भागीदारी और सुझाव से इन कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी। अब इस समिति की बैठकों में रिकेश सेन की भागीदारी अहम मानी जा रही है। आने वाले समय में वे इन राष्ट्रीय कार्यक्रमों की योजना और उनके क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आएंगे।
<
