भास्कर न्यूज | टिटिलागढ़| मंगलवार को टिटिलागढ़ के निकट चिच्लाघर क्षेत्र में स्थित माडलार ब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक पिकअप वाहन (ओडी 03क्यू 4284) अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें पीछे सवार छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 14 वर्षीय कृष्णा तांडी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घायलों को तत्काल टिटिलागढ़ उपखण्ड सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान 15 वर्षीय कार्तिक तांडी (निवासी लहसुनबाली) व 15 वर्षीय राज सिक्का (निवासी तेतलखुंटी) की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे लहसुनबाली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और कुछ सामान लाने के लिए उसी गांव के पिकअप वाहन से टिटिलागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान माडलार ब्रिज पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। घटना में एक बच्चे का इलाज टिटिलागढ़ उपखण्ड सरकारी अस्पताल में जारी है, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
<
