![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस ने अवैध पशु तस्करी और पशु क्रूरता के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजपुर थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसके बाद इस प्रकरण में गिरफ्तार कुल आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। यह मामला 11 अप्रैल को दर्ज किया गया था। इससे पहले, पुलिस ने इसी प्रकरण में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस अवैध पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। रात के गश्त के दौरान पुलिस को मिली जानकारी जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को राजपुर थाना पुलिस रात गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद पिकअप वाहन (क्रमांक JH01GN-8143) में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर अंबिकापुर से राजपुर होते हुए गुमला (झारखंड) ले जाया जा रहा है। आरोपियों ने गलत जानकारी दी कड़ाई पर सच बोले सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अंबिकापुर रोड पर थाना के सामने घेराबंदी कर वाहन को रोका। गाड़ी के ड्राइवर और मालिक ने पहले गलत जानकारी दी, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम संदीप बड़ाईक और संदीप साहू, दोनों निवासी गुमला बताए। जांच में सामने आया कि ग्राम जयनगर निवासी गुड्डू पंडित ने दो गाय और दो बछिया को गुमला निवासी अनुज राम के पास भेजने के लिए वाहन में लोड कराया था। मवेशियों को अत्यंत अमानवीय तरीके से ठूंसकर बांधा गया था, जो कानूनन अपराध है। इन धाराओं में अपराध दर्ज पुलिस ने वाहन और मवेशियों को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया था। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी फरार चल रहे आरोपी देवेश कुमार मिश्रा उर्फ गुड्डू पंडित और मोहम्मद सलमान की तलाश राजपुर पुलिस और साइबर सेल द्वारा लगातार की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पशु तस्करी अथवा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
<
