![]()
रायपुर में पत्नी से बात करना एक पति को भारी पड़ गया। पत्नी के प्रेमी ने युवक की लोहे की रॉड और मुक्कों से जमकर पिटाई कर दी। हमले में युवक का सिर फट गया और वह लहूलुहान हालत में थाने पहुंचा। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का नाम पुलिस द्वारा पितांबर सारथी बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला आजाद चौक थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह सारथीपारा धोबी तालाब के पास रहता है। टाटीबंध स्थित एक ढाबे में काम करता है। उसकी पत्नी करीब डेढ़ साल पहले उसे और बेटे को छोड़कर मोहल्ले के ही युवक रंजीत सारथी के साथ रहने लगी थी। 15 मई की रात करीब 8:15 बजे ढाबे से छुट्टी मिलने के बाद वह मोहल्ले के चौक में बैठा था। इसी दौरान उसकी पत्नी सीता वहां पहुंची। उसने पत्नी से पूछा कि वह उसे छोड़कर रंजीत के साथ क्यों रह रही है? इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपी रंजीत वहां पहुंच गया। रंजीत ने बात करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लोहे की रॉड लाकर उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने रॉड, हाथ और मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। घटना के दौरान मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल युवक इलाज कराने के बाद थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
<
