![]()
जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला शनिवार देर रात का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान 50 वर्षीय सरस्वती पटेल के रूप में हुई है। वह शारीरिक रूप से दिव्यांग थीं और अपने बेटे अश्वनी पटेल के साथ रहती थीं। आसपास के लोगों के अनुसार अश्वनी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेन पठारे ने बताया कि महिला घर में मृत हालत में मिली थी। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। बेटे पर हत्या करने की आशंका
पुलिस आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में बेटे पर शक जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में महिला और उसका बेटा ही मौजूद थे। इसी आधार पर पुलिस ने संदेह के चलते अश्वनी पटेल को हिरासत में लिया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा- बेटे को हिरासत में लिया, जांच जारी है
इस मामले में दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं। मृतक महिला के बेटे को पुलिस ने शक के आधार पर अभी हिरासत में लिया है। मामले में जांच जारी है। जांच के बाद ही सारी चीजें स्पष्ट हो सकेंगी। अभी जांच जारी है और हर एंगल से मामले को देखा जा रहा है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की असली वजह और पूरी परिस्थितियों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
<
