![]()
छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। मंगलवार को खैरागढ़ जिले के दल्लीखोली-लछना जंगल में मोर और पाम सिवेट समेत कई वन्यजीव मृत मिले हैं।DFO पंकज राजपूत ने आशंका जताई है कि भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक के चलते इनकी मौत हुई हो। मौसम विभाग ने 2 दिन बाद 29 मई से आंधी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। हालांकि इस दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और कुछ जिलों में लू जैसे हालात दर्ज किए गए। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले नौतपा के दौरान सेहत का ख्याल रखने वाली ये खबर पढ़ लीजिए… जरूरत की खबर- नौतपा में घर से निकलते हुए सावधान: ये 7 चीजें साथ रखें, 11 सावधानियां जरूर बरतें, इन 9 संकेतों को इग्नोर न करें नौतपा के 9 दिन साल के सबसे गर्म दिन माने जाते हैं। इस दौरान तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इस समय घर से बाहर निकलना रिस्की होता है। बहुत से लोगों को रोजमर्रा के काम, ऑफिस या जरूरी जिम्मेदारियों के कारण बाहर निकलना मजबूरी होती है। लेकिन इस दौरान जरा-सी लापरवाही से डीहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, थकान, कमजोरी और चक्कर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। पढ़ें पूरी खबर… अगले 3 दिन हीटवेव का असर जारी रहेगा मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव जारी रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को दोपहर के समय जरूरी होने पर ही बाहर निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। 29 मई से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। रायपुर में लू चलने की संभावना रायपुर शहर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान में 27 मई को लू चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर तेज गर्मी बनी रह सकती है। इन मौसमी सिस्टमों का दिख रहा असर मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कई सिस्टम सक्रिय हैं। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण बिहार से उत्तर आंध्र प्रदेश तट तक ट्रफ लाइन सक्रिय है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इन्हीं मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। किसानों के लिए सलाह जारी मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है। कृषि वैज्ञानिकों ने कहा है कि रबी मक्का, केला और पपीता की फसलों में निराई-गुड़ाई के बाद हल्की सिंचाई करें ताकि तेज गर्मी से फसल को नुकसान न हो। इसके अलावा गेहूं और चना की कटाई जल्द पूरी करने और उपज को सुरक्षित जगह पर रखने की सलाह दी गई है।
<
