![]()
भास्कर न्यूज | जांजगीर गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल जांजगीर में केजी-2 के विद्यार्थियों का ग्रेजुएशन डे आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक बनाया गया था और बच्चों एवं अभिभावकों में उत्साह देखा गया। कार्यक्रम शुरुआत में नन्हे- मुन्ने विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। समारोह का मुख्य आकर्षण केजी-2 के विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट प्रदान करना रहा। प्राचार्य संतोष कुमार शर्मा और प्रशासक विपिन गुप्ता ने बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि यह बच्चों के जीवन की पहली महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विद्यालय में बच्चों को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास भी सिखाया जाता है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों का धन्यवाद किया और बच्चों को हमेशा सीखते रहने की प्रेरणा दी। प्रशासक विपिन गुप्ता ने कहा कि यह समारोह बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत का प्रतीक है। बच्चों की उपलब्धि उनके माता-पिता और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। शिक्षिका नेहा अग्रवाल ने बताया कि बच्चों का संपूर्ण व्यक्तित्व विकसित करना विद्यालय का उद्देश्य है। खेल, संगीत, कला और नैतिक शिक्षा के माध्यम से बच्चों को आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रणति ए. और सुयश मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नेहा अग्रवाल ने किया।
<
