![]()
कोरबा में पुलिस भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले एक आरक्षक को गिरफ्तार किया गया है। बालको थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी राजनांदगांव में पदस्थ था और खुद को प्रभावशाली बताकर लोगों से पैसे वसूलता था। यह मामला बालको थाना क्षेत्र का है। आरोपी आरक्षक डिगम्बर प्रसाद कंवर कोरकोमा का रहने वाला है। उसने गणेशी राठिया और उमाशंकर नामक दो व्यक्तियों से पुलिस भर्ती के नाम पर 1,25,000 रुपए की ठगी की। आरोपी ने यह रकम अपने भाई के बैंक खाते में जमा करवाई थी। जब पीड़ितों को नौकरी नहीं मिली और उनके पैसे भी वापस नहीं हुए, तो उन्होंने बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के बयान और अन्य साक्ष्यों से ठगी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरक्षक डिगम्बर प्रसाद कंवर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से एटीएम, पासबुक और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि वह खुद को विभाग में अच्छी पहुंच वाला बताता था। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। राजनांदगांव पुलिस को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है, जहां आरोपी के खिलाफ पहले भी कार्रवाई होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इस घटना के बाद कोरबा और राजनांदगांव में ठगी के अन्य मामले भी सामने आ सकते हैं। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और कॉल डिटेल की गहन जांच कर रही है, ताकि अन्य पीड़ितों का पता लगाया जा सके।
<
