भास्कर न्यूज | नारायणपुर यह तस्वीर किसी वीआईपी के कार्यक्रम में जा रहे लोगों की नहीं है बल्कि नीट परीक्षा में शामिल होने जा रहे छात्रों की है। सेंटर में सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था कि केंद्र के आसपास परिंदा भी पर न मार सके। नीट की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों के चेहरे पर थोड़ी खुशी देखने को मिली। क्योंकि बायो, केमेस्ट्री के प्रश्न सरल थे, लेकिन फिजिक्स के पेपर में छात्र उलझ गए। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 3 मई को देशभर में नीट की परीक्षा आयोजित की गई। नारायणपुर जिला मुख्यालय में भी एक परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां कुल 301 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 285 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 16 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए 13 कक्ष बनाए गए थे और नकल रोकने के लिए 34 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। केंद्राध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता और ऑब्जर्वर भगवान दास चांडक ने बताया कि परीक्षार्थियों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें चप्पल से लेकर आभूषणों तक की जांच शामिल रही। साथ ही सभी के दस्तावेजों और पहचान पत्रों का सत्यापन भी किया गया। इसके लिए परीक्षार्थियों को 11 बजे की परीक्षा केंद्र में बुलाया गया था। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले दोपहर 1.30 बजे केंद्र के गेट बंद कर दिए गए। ड्रेस कोड को लेकर भी सख्ती बरती गई।
<
