भास्कर न्यूज | कलंगपुर मंगलवार सुबह गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग पर ग्राम फुंडा-बोरगहन के बीच एक तेज रफ्तार बाइक ने सामने चल रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक वृद्ध दंपती सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसमे से महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह लगभग 9 बजे की है। ग्राम खुटेरी (अचौद) निवासी 65 वर्षीय चुनूराम साहू अपनी पत्नी रूपा साहू को इलाज के लिए मोटरसाइकिल से बोरगहन चौक स्थित डॉक्टर के पास लाए थे। इलाज के बाद दोनों घर लौट रहे थे और रास्ते में दवाई लेने के लिए पास के मेडिकल स्टोर की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्ध दंपति अपनी मोटरसाइकिल समेत सड़क पर करीब 15 से 20 फीट तक घिसटते हुए जा गिरे। वहीं बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में दंपति को हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाइक चालक के चेहरे और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को संजीवनी 108 एम्बुलेंस से गुंडरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति गंभीर होने पर सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए भिलाई के निजी अस्पताल में रेफर किया गया। जहां रूपा साहू की मौत इलाज के दौरान हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक चालक दुर्ग निवासी आकाश साहू है, जो अपने मामा के घर सियनमरा गया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
<
