दंतेवाड़ा| शहर में गुरुवार सुबह इंटकवेल से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। पालिका अब वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पानी टंकियों को भरकर सप्लाई करने की तैयारी कर रहा है। पालिका के अनुसार गुरुवार देर शाम तक टंकियां भरने के बाद शुक्रवार सुबह से शहर में जलापूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। नगर की दो टंकियों को भरने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। इनमें से एक टंकी से मुख्य शहर और दूसरी से आंवराभाटा क्षेत्र में पानी भेजा जाएगा। हालांकि, चुनौती यह है कि इन टंकियों को पूर्ण क्षमता तक भरने में करीब दो दिन का समय लगता है। इधर, डंकिनी नदी के सूखने से शहर का वाटर लेवल भी काफी नीचे चला गया है, जिससे हैंडपंप और निजी बोरवेल भी फेल होने की कगार पर हैं। इंटकवेल तक पानी पहुंचाने के लिए अब इंजीनियरों की मदद से नदी में अस्थायी बांध बनाया जाएगा। साथ ही डंकिनी नदी पर निर्माणाधीन एनीकट की मरम्मत का काम बीच में ही रोककर उसके गेट बंद करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पानी रोका जा सके। ^डैम के गेट बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल टंकी से सप्लाई की जा रही है। एक-दो दिनों में व्यवस्था बहाल होने की संभावना है। – वीकेएस पालदास, सीएमओ, दंतेवाड़ा पालिका
<
