![]()
धमतरी जिले में दो दंतैल हाथियों का विचरण देखा गया है। लगभग तीन महीने बाद हाथियों की आमद से नगरी वन परिक्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने क्षेत्र के कई गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। नगरी-जबर्रा मार्ग पर दो दंतैल हाथी सड़क पार करते हुए देखे गए, जिसका वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। हाथियों की लगातार हलचल नगरी रेंज के तुमबहरा क्षेत्र में बनी हुई है। इन क्षेत्रों में हाथी कर रहे हैं विचरण वन विभाग ने तुमबहरा, मटियाबहरा, चारगांव, भैंसामुड़ा, संबलपुर, अमाली, छिपली और गोरेगांव सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी है। ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है। वन विभाग की 20 सदस्यीय टीम लगातार मौके पर तैनात:डीएफओ धमतरी वन विभाग के डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि जिले में फिलहाल दो दंतैल हाथी सक्रिय हैं। इनकी निगरानी के लिए वन विभाग की 20 सदस्यीय टीम लगातार मौके पर तैनात है। टीम हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रख रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वन विभाग द्वारा गांव-गांव में मुनादी कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं और उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से घर के अंदर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। नगरी रेंज से लगा हुआ दुगली रेंज क्षेत्र भी संवेदनशील हो गया है, जहां हाथियों की आवाजाही की आशंका है। ऐसे में वन विभाग ने दोनों रेंज क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने को कहा है।
<
