![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी में कथित चंगाई सभाओं को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हिंदू संगठनों ने इन सभाओं में धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठनों ने धमतरी के कमल विहार रुद्री रोड, अंबेडकर चौक, डिपो पारा, श्याम तराई सहित कई वार्डों में दबिश दी। उन्होंने इन जगहों पर चल रही कथित चंगाई सभाओं का विरोध किया, जिसके दौरान सभा आयोजित करने वाले पास्टरों के साथ नोकझोंक भी हुई। पहले देखिए तस्वीरें हिंदू जागरण मंच के चित्रेश साहू और उत्तम निषाद ने आरोप लगाया कि धमतरी में धर्मांतरण का खेल धड़ल्ले से चल रहा है, जबकि राज्य में नया धर्मांतरण कानून लागू हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस कानून का जमीनी स्तर पर पालन नहीं करवा रहा है। नेताओं ने बताया कि रविवार को 6 से 7 वार्डों का दौरा किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अवैध चंगाई सभाओं में शामिल हो रहे थे। उनके अनुसार, इन सभाओं में धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही थीं। जब मौके पर मौजूद पास्टरों से बात की गई, तो उन्होंने धर्मांतरण से इनकार करते हुए इसे आस्था का मामला बताया। हिंदू संगठनों ने तर्क दिया कि नए धर्मांतरण कानून के तहत, यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य धर्म की आस्था को अपनाता है, तो वह धर्मांतरण की श्रेणी में आता है और इसके लिए विधिवत प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने प्रशासन पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। हिंदू जागरण मंच ने बताया कि उन्होंने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को कई बार ज्ञापन सौंपकर चंगाई सभाओं के बारे में अवगत कराया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा बनाए गए धर्मांतरण अधिनियम का पालन नहीं कराया जाता है, तो हिंदू जागरण मंच और जिले के सभी हिंदू संगठन मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
<
