धमतरी में घायल अजगर का रेस्क्यू:सिर और पूंछ पर गंभीर चोटें, पशु चिकित्सालय में इलाज जारी

![]()
धमतरी जिले के गंगरेल वन क्षेत्र में एक अजगर घायल हालत में मिला। उसके सिर, पूंछ और शरीर के दूसरे हिस्सों में गहरी चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद अजगर को पहले फॉरेस्ट रेंज ऑफिस लाया गया। उसकी हालत देखकर उसे इलाज के लिए जिला पशु चिकित्सालय ले जाया गया। यहां डॉक्टर मयंक पटेल ने उसकी जांच की और तुरंत इलाज शुरू किया। डॉक्टर के मुताबिक, अजगर के शरीर पर कई जगह चोट लगी है। सिर और पूंछ के आसपास की चोट ज्यादा गंभीर है। शुरुआती जांच में किसी भारी या कठोर चीज से चोट लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चोट कैसे लगी, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल अजगर की हालत स्थिर है और डॉक्टर उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान वन विभाग के रेंजर धमतरी प्रधान, डिप्टी रेंजर समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अजगर के रेस्क्यू में सर्प मित्र नीरज पांडेय की भी अहम भूमिका रही। उन्होंने घायल अजगर की जानकारी वन विभाग को दी और उसे सुरक्षित पकड़कर टीम तक पहुंचाया। वन विभाग के मुताबिक, अजगर पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे दोबारा उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।
Source link




