![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर की एक पॉश कॉलोनी में शनिवार रात 10 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। सर्पमित्रों और वन विभाग की टीम ने अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया, जिसके बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली। यह घटना धमतरी शहर के महिमा सागर वार्ड स्थित रतन कॉलोनी में हुई। शनिवार रात को जब लोगों ने एक विशालकाय अजगर को रिहायशी इलाके में घूमते देखा तो दहशत फैल गई। अजगर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पहले देखिए तस्वीरें पॉश कॉलोनी में मिला 10 फीट लंबा अजगर जानकारी के अनुसार, अजगर कॉलोनी के एक खाली स्थान के पास दिखाई दिया था। रात का समय होने के कारण लोगों में और अधिक घबराहट थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और सर्पमित्र मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सर्पमित्रों ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर अपने कब्जे में लिया। बताया गया कि अजगर किसी को नुकसान पहुंचाने की स्थिति में नहीं था, लेकिन रिहायशी क्षेत्र में उसके पहुंचने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास की झाड़ियों और खाली पड़े क्षेत्रों की नियमित सफाई न होने के कारण अक्सर सांप और अन्य जीव-जंतु रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जहरीले या बड़े सांप के दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग या सर्पमित्रों को सूचना दें।
<
