![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में देर रात खेत और बाड़ियों में भीषण आग लग गई। शहर से सटे ग्राम करेठा में हुई इस घटना में 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में लगी सब्जियां जलकर खाक हो गईं, जिससे किसानों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। रुद्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करेठा गांव में आग इतनी भीषण थी कि इसके धुएं के कारण सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया था। खेतों में रखा पैरावट और कई एकड़ में लगी भिंडी, बरबटी, और चेंच भाजी पूरी तरह जल गए। आग लगते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग कई घरों तक पहुंच चुकी थी, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ से इसे काबू में कर लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि, दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंची और आग अंततः अपने आप शांत हो गई। ग्रामीण सत्यनारायण सोनकर और पूर्णिमा सोनकर ने बताया कि उनकी सवा एकड़ की बाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। उन्होंने बताया कि आग उनके घर तक पहुंच गई थी, जिसे बाल्टी से पानी डालकर बुझाया गया। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया था। सोनकर दंपती के अनुसार, उनकी बाड़ी में लगी भिंडी, बरबटी और चेंच भाजी जलने से उन्हें करीब 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आसपास के करीब 15 एकड़ क्षेत्र में भी बाड़ियां हैं, जहां आग फैलने से लाखों का नुकसान होने की आशंका है।
<
