![]()
नेशनल हाईवे 43, अंबिकापुर-सूरजपुर मुख्य मार्ग पर दो बाइकों में हुई टक्कर में गंभीर रूप से घायल नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक अपने फुफेरे भाई के साथ अंबिकापुर से लौट रहा था। हादसे में उसके भाई को भी चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना अंतर्गत ग्राम मोहनपुर निवासी नाबालिग अगस्त बाबू (15 वर्ष) पिता चंद्रशेखर रविवार को अपने फुफेरे भाई अमरूद के साथ बाइक से अंबिकापुर आया था। दोनों शाम को वापस घर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर सूरजपुर जिले के ग्राम मानी और पोड़ी के बीच सामने से आ रहे बाइक सवारों से उनकी बाइक टकरा गई। इलाज के दौरान हो गई मौत
बाइक से टकराकर अगस्त बाबू और अमरूद दोनों गिर गए। हादसे के बाद दोनों को सूरजपुर हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया। सोमवार को घायल अगस्त बाबू को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। मृतक के सिर में और अंदरूनी चोटें आई थीं। बाइक पर पीछे बैठे अमरूद को पैर में चोटें आई हैं। उसका इलाज सूरजपुर हॉस्पिटल में किया जा रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। बाइक को मृतक नाबालिग चला रहा था। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के सहायता केंद्र पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया। मर्ग डायरी सूरजपुर हॉस्पिटल भेजी जा रही है।
<
