भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद पुलिस की प्रभावी और सटीक विवेचना का एक बड़ा परिणाम सामने आया है। थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में गांजा तस्करी के एक मामले में न्यायालय ने दो आरोपियों को कड़ी सजा सुनाई है। यह कार्रवाई पुलिस की नशे के खिलाफ जारी मुहिम में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एक कार से 23 किलोग्राम गांजा तस्करी करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा था। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 19/2024 के तहत एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से विवेचना की गई और न्यायालय के समक्ष मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। पुलिस की सटीक विवेचना का ही परिणाम है कि न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को कड़ी सजा सुनाई है। न्यायालय के आदेशानुसार, दोनों आरोपियों को 15-15 वर्ष का कठोर कारावास भुगतना होगा। साथ ही, दोनों पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में सजा की अवधि बढ़ाई जा सकती है। इस बड़ी सजा से नशे के कारोबारियों में खौफ पैदा होगा और समाज में एक कड़ा संदेश जाएगा। महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ उनकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस विभाग ने इस कामयाबी के लिए पूरी टीम को बधाई दी है।
<
