![]()
बढ़ती महंगाई के विरोध में दुर्ग जिले में कांग्रेस ने एक दिवसीय प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण), दुर्ग शहर और भिलाई नगर ने चंडी मंदिर चौक पर विरोध जताया। शाम 5 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों और संगठनात्मक इकाइयों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जिसका उद्देश्य केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआक्रोश व्यक्त करना था। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार लगातार आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है और हर महीने की पहली तारीख को कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। राकेश ठाकुर ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि मार्च में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 114.50 रुपए, अप्रैल में 195.50 रुपए और मई की शुरुआत में 993 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार, तीन महीनों में करीब 1300 रुपए की यह वृद्धि छोटे व्यवसायियों और आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। चुनाव के बाद बढ़ी महंगाई दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ने लगी है। उन्होंने राहुल गांधी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें पहले ही चेतावनी दी गई थी कि चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें बढ़ेंगी। बाकलीवाल ने बताया कि दिसंबर 2023 में कमर्शियल सिलेंडर का जो दाम था, वह अब पांच महीनों में लगभग दोगुना होकर करीब 3100 रुपए तक पहुंच गया है। उन्होंने इसे आम जनता और छोटे व्यापारियों पर सीधा असर बताया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने का सीधा असर रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता है। इससे चाय, नाश्ता, होटल और रेस्तरां के दाम बढ़ना तय है, जिसका बोझ अंततः आम उपभोक्ता पर पड़ेगा।
<
