टॉप न्यूज़

दुर्ग में ट्रैफिक कंट्रोल करने एक्शन मोड में पुलिस:कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस, नाबालिको के पैरंट्स पर लगेगा जुर्माना; नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों और सड़क किनारे लगने वाली दुकानों पर होगी कार्रवाई




दुर्ग-भिलाई में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शहर की सड़कों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहन, सड़क किनारे लगने वाली दुकानें और ठेले-गुमटियों के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। खासकर शाम के समय प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पुलिस अब अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। यातायात विभाग के एडिशनल एसपी कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से नाबालिगों के वाहन चलाने और बिना लाइसेंस या जरूरी दस्तावेज के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्कूलों में जाकर चालानी कार्रवाई की गई है। साथ ही नाबालिग वाहन चालकों के माता-पिता को बुलाकर समझाइश भी दी गई है। भिलाई समेत दुर्ग और चरोदा क्षेत्र में भी यातायात पुलिस की चेकिंग लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई शहर में कई जगह सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण रास्ता संकरा हो जाता है। इससे खासकर व्यस्त समय में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो जाती है। पुलिस अब नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है। सड़क किनारे अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने वालों को पहले समझाइश दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। फ्लाईओवर के नीचे और सड़क किनारे लगी दुकानों पर भी कार्रवाई शहर में फ्लाईओवर के नीचे और सड़कों के किनारे ठेले, गुमटी और दूसरी दुकानें लगने से भी ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है। एडिशनल एसपी ने बताया कि इन मामलों में नगर निगम और संबंधित थानों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है। सड़क किनारे रोजी-रोटी के लिए ठेला या गुमटी लगाने वालों को पहले समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी व्यवस्था नहीं सुधरी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पार्किंग नहीं करने वाले कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस शहर के कई कॉम्प्लेक्स और दुकानों के सामने सड़क पर ही वाहन खड़े होने की शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस ऐसे दुकानदारों और कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस जारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद सड़क पर वाहन खड़े कराकर ट्रैफिक बाधित करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक आने वाले दिनों में नाबालिग वाहन चालकों, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे होने वाले कारोबार और ट्रैफिक बाधित करने वाले दूसरे कारणों पर कार्रवाई जारी रहेगी। उद्देश्य शहर में ऐसी ट्रैफिक व्यवस्था बनाना है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो और सड़क पर हादसों का खतरा भी कम किया जा सके।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button