![]()
छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का कांग्रेस विरोध करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 1 नवंबर को रायपुर में होने वाले कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस ने इसे शांतिपूर्ण विरोध बताया है। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जब विरोध की तैयारी कर रहे थे, तब भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया। यह घटना गृहमंत्री के गृह ज़िले में हुई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि अगर सरकार कार्रवाई नहीं करती, तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। 1 नवंबर को रायपुर आएंगे मोदी दरअसल, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 साल पूरे होने पर राज्य सरकार रजत जयंती वर्ष का भव्य आयोजन कर रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही बड़े स्तर पर तैयारियों में जुटी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, यह छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा और पीएम मोदी राज्य को कई बड़ी योजनाओं की सौगात देंगे। कवर्धा में भाजयुमो और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता भिड़े कवर्धा में गुरुवार देर शाम बीजेपी और कांग्रेस के युवा मोर्चा आमने-सामने आ गए। मौके पर इतना बवाल हुआ कि सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। गालियां भी चलीं, लात-घूंसे भी। पूरा मामला वायरल वीडियो में कैद हो गया है। गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिया का कवर्धा आगमन हुआ। उनका स्वागत करने भाजयुमो कार्यकर्ता जुटे थे। इसी दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर विरोध करने पहुंचे। विरोध देख भाजयुमो कार्यकर्ता भड़क गए। देखते ही देखते दोनों गुट भिड़ गए। मारपीट इतनी जबरदस्त हुई कि कई युवक वहां से जान बचाकर भागते नजर आए। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को खदेड़ा जा रहा है और गालियां दी जा रही हैं। पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन हालात काबू में नहीं आ सके। युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष के समर्थकों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर मारा। उन्होंने इसे खुली गुंडागर्दी बताया और कहा कि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उल्टा, युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ही पुलिस को जमकर खरी-खोटी सुनाई। फिलहाल मामला शांत जरूर हो गया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद इस विवाद ने सियासी तूल पकड़ लिया है। युवक कांग्रेस ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। नए विधानसभा भवन का शिलान्यास करेंगे मोदी प्रधानमंत्री नवा रायपुर में बनने वाले नए विधानसभा भवन का शिलान्यास करेंगे। यह भवन छत्तीसगढ़ की संस्कृति और आधुनिक तकनीक का मेल होगा। साथ ही रायपुर में नए पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे। पीएम मोदी के दौरे में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं की भी घोषणाएं होंगी। राज्य सरकार ने पीएम मोदी के दौरे को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। वहीं कांग्रेस के विरोध और हालिया झड़पों के चलते सुरक्षा एजेंसियों की चुनौतियां भी बढ़ गई हैं। पिछली बार प्रधानमंत्री मोदी अप्रैल 2024 में चुनावी दौरे पर छत्तीसगढ़ आए थे। उन्होंने जांजगीर-चांपा, धमतरी और अंबिकापुर में जनसभाएं की थीं। इसके बाद मार्च 2025 में उनका बिलासपुर दौरा हुआ था। लेकिन इस बार उनका आगमन गैर-चुनावी कार्यक्रम के तहत हो रहा है, जो कि राज्य के लिए विकास से जुड़ी कई घोषणाओं का मंच बन सकता है। अब देखना होगा कि एक तरफ जहां राज्य सरकार इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटी है, वहीं कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन इस दौरे की तस्वीर को कितना प्रभावित करता है।
<
