![]()
दुर्ग शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही घर में पति-पत्नी और उनके दो बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपति ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो चारों के शव अलग-अलग कमरों में मिले। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस के मुताबिक मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। फिलहाल सभी शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल के शव गृह भेज दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ और आसपास के लोगों से मिली जानकारी में परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव के चलते दंपति ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के पीछे की वजहों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस घर से मिले साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल की जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। मोहन नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इलाके में घटना को लेकर शोक और स्तब्धता का माहौल है।
<
