![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक तेज रफ्तार बाइक ने राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मृत्यु हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सोमवार देर रात मरवाही-लोहारी मार्ग पर हुई। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 9 बजे ग्राम गनाया निवासी दुर्गेश यादव (18) शराब के नशे में धुत होकर तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। इसी दौरान उसने सड़क पर चल रहे पांच लोगों को अपनी बाइक से टक्कर मार दी। शराब के नशे में बाइक से टक्कर 2 लोगों की मौत इस हादसे में मरवाही निवासी सोनू चंद्रा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, आदित्य केवट (17), योगेश्वर केवट (19), किशन केवट (17) और ईश्वर केवट (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक दुर्गेश यादव को भी गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को शुरुआती इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरवाही ले जाया गया। वहां से तीन गंभीर घायलों, जिनमें बाइक चालक दुर्गेश यादव भी शामिल था, को संजीवनी 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दुर्गेश यादव की मृत्यु हो गई। मरवाही पुलिस के सीपी गढ़ेवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तार से पड़ताल कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
<
