![]()
अंबिकापुर के रिंगरोड में देर रात भारत माता चौक के बीच में लगे लाइट पोल से तेज रफ्तार मारूती स्वीफ्ट कार सीधे जा टकराई। हादसे में कार सवार एक युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार चालक सहित दो युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल से रायपुर रेफर कर दिया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात करीब 2.30 बजे हुआ। अंबिकापुर के अग्रसेन चौक की ओर से तेज रफ्तार में स्वीफ्ट कार भारत माता चौक पहुंची। कार का चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और तेज रफ्तार में कार भारत माता चौक के बीच में लगे लाइट पोल से सीधे जा भिड़ी। हादसे में कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो गया। युवती की मौत, दो गंभीर
हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार में सामने बैठी युवती की मौके पर मौत हो गई। वहीं कार चला रहे युवक के साथ पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। दोनों को पुलिस टीम ने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। युवती की शिनाख्त महामाया मंदिर के पास निवासी वर्षा कश्यप (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं कार चालक सागर बेहरा बौरीपारा का निवासी है। कार में पीछे सवार युवक अलीसर अंसारी ग्राम कांति प्रकाशपुर का निवासी बताया गया है। दोनों युवकों को गंभीर अवस्था में रायपुर के रेफर कर दिया गया है। मृत युवती के परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। पुलिस ने बताया कि उसके परिवार के सदस्यों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। उसकी रिश्ते में नानी की जानकारी मिली है, जिसे सूचना दी गई है। संभवतः यहां वह अकेले रह रही थी। कोतवाली पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार में कार चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। कार काफी पुरानी है और उसमें एयरबैग भी नहीं थे। इस कारण सामने बैठे चालक एवं सवार को गंभीर चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है।
<
