![]()
कोंडागांव के सरगीपाल वार्ड क्रमांक 18 स्थित स्कूल गली में खराब सफाई व्यवस्था से परेशान निवासियों ने बुधवार को खुद नालियों की सफाई की। कई दिनों से नालियों में कचरा, पॉलीथिन और गंदगी जमा होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई थी, जिससे गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा था। वार्डवासियों ने बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक वीडियो जारी कर नगर पालिका की लापरवाही उजागर की। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से सफाई कर्मचारी क्षेत्र में नहीं पहुंचे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद उन्होंने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया। निवासियों ने बताया कि नाली जाम की समस्या के साथ-साथ पिछले कुछ दिनों से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित है। गर्मी के मौसम में गंदगी और ठहरे हुए पानी से बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है, जिससे छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद शहर के कई अन्य हिस्सों में सफाई को लेकर सक्रिय दिखती है, लेकिन सरगीपाल वार्ड की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उनका कहना है कि नियमित सफाई और निगरानी के अभाव में वार्ड की स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वार्ड के पार्षद और स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई, कचरा उठाव और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका को केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी सफाई व्यवस्था मजबूत करनी होगी, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए खुद संघर्ष न करना पड़े। सुशासन तिहार शिविर में मिली बड़ी राहत वहीं, कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम उरंदाबेड़ा में आयोजित सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग ने 9 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र और वॉकिंग स्टिक शामिल हैं। ग्राम कन्हारगांव के अंशुराम यादव और विद्या नेताम के साथ ग्राम बंजोड़ा के खेमराज राणा को ट्राइसाइकिल मिली। वहीं, कन्हारगांव के पनकु नेताम, सगना, एतवारिन बाई, गड़राराम सलाम और बंजोला के मंगल बघेल को श्रवण यंत्र दिए गए। इसके अतिरिक्त, कन्हारगांव की इतवारिन नेताम को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। उपकरण मिलने से लाभार्थियों ने राहत और खुशी जताई।
<
