![]()
कोरबा में शराब दुकान के बाहर 24 मई की रात जमकर मारपीट हुई। शराब लेने को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, शाम होते ही निहारिका शराब दुकान पर मदिरा प्रेमियों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। 24 मई की रात भी दुकान पर लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान शराब लेने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। तीन युवकों ने एक युवक को घेरकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। यह मारपीट करीब आधे घंटे तक चलती रही। पिटाई में घायल युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के समय शराब दुकान के बाहर खड़े लोग तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। कई लोगों ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से फैल रहा है। पहले भी हो चुकी है मारपीट की घटनाएं स्थानीय लोगों का कहना है कि निहारिका शराब दुकान पर इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार दुकान के बाहर नशे की हालत में मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पूर्व में भी ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई की है, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। शाम होते ही दुकान के बाहर सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग हो जाती है। बेतरतीब खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कारण आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है। राहगीरों का कहना है कि शराब दुकान के कारण शाम के समय निहारिका क्षेत्र का माहौल खराब हो जाता है। पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब दुकान के बाहर पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाए। साथ ही अवैध पार्किंग पर भी सख्त कार्रवाई हो ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
<
