![]()
डोंगरगढ़ में सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्टर वायरल हुआ है। इस पोस्टर में शहर में कथित तौर पर 24 घंटे शराब की उपलब्धता और कुछ व्यक्तियों व स्थानों का उल्लेख किया गया था। पुलिस ने इस वायरल पोस्टर को भ्रामक और निराधार बताया है, जबकि स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने स्पष्ट किया कि पोस्टर में जिन शराब कोचियों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ पहले ही वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, बीते एक माह में डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में आबकारी अधिनियम के तहत 42 प्रकरण दर्ज कर 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत भी गांजा बरामद किया गया है। जिला स्तर पर भी 125 मामलों में 147 आरोपियों की गिरफ्तारी और 300 लीटर से अधिक शराब जब्ती का दावा किया गया है। पुलिस का कहना है कि वह अवैध शराब के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है और पोस्टर के जरिए फैलाए गए दावे वास्तविकता से परे हैं। हालांकि, केवल खंडन और कार्रवाई के आंकड़े ही पर्याप्त नहीं माने जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पोस्टर तैयार करने वालों के साथ-साथ उसमें दर्ज नामों और स्थानों की भी निष्पक्ष और जांच होनी चाहिए।
<
