![]()
बिलासपुर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने बहतराई रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुरुवार दोपहर बहतराई रोड से साइंस कॉलेज रोड तक करीब चार घंटे चले अभियान में डीमार्ट की ओर से सड़क की 15 फुट जमीन पर लगाई गई लोहे की ग्रिल हटाई गई। लक्ष्मी जेनेरिक और रेफ्रिजरेशन के बोर्ड और शेड भी हटाए गए। इस कार्रवाई के दौरान होंडा शोरूम की पार्किंग को भी सील किया गया। सरकंडा में बार-बार जाम लगने की शिकायतों के बाद हाल ही में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने मौके का निरीक्षण किया था। उनके दौरे के बाद ही नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की टीम हरकत में आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाता है, वहां कुछ समय बाद फिर से कब्जा हो जाता है। निगम अमला दोबारा निगरानी नहीं करता, जिसके कारण यह समस्या बनी रहती है। जिन स्थानों पर कार्रवाई हुई, वे लंबे समय से निगम नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। इन स्थानों पर की गई कार्रवाई निगम के सब इंजीनियर जुगल सिंह ने बताया कि बहतराई रोड पर डी मार्ट के संचालक ने रोड की जमीन पर कब्जा कर 15 फुट तक ग्रिल लगा कर बाउंड्री बना ली थी, जिसे हटा दिया गया। उन्होंने बताया कि डी मार्ट के बेजा कब्जा के चलते 80 फुट की रोड 50-60 तक सिमट गई। उन्होंने बताया कि सीपत रोड पर होंडा शो रूम के सर्विस स्टेशन के ऊपर होटल और नीचे सर्विस स्टेशन है। बिल्डिंग में बेसमेंट पार्किंग नक्शे में दर्शाई गई है, लेकिन पार्किंग की जगह सर्विसिंग के लिए आई बाइक और ट्रेनिंग, अन्य कार्यों के लिए कार्यालय का उपयोग किया जा रहा था, जिसे निगम की टीम ने सील कर दिया। इसी प्रकार साइंस कालेज के आगे ब्यूटी पार्लर के नीचे बेसमेंट पार्किंग में ताला लगाकर उसे गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, इसे सील कर दिया गया।
<
