![]()
गौरेला विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला डांड़जमड़ी में बुधवार को नेवता भोज का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, एसडीओ फॉरेस्ट श्री गौतम पड़िभार सहित अन्य जिला अधिकारी और स्कूली बच्चे शामिल हुए। यह नेवता भोज जनपद सीईओ गौरेला श्रीमती शुभा दामोदर मिश्रा द्वारा उनके जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया था। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत विद्यार्थियों को दिए जाने वाले गर्म भोजन को और अधिक पौष्टिक बनाने के लिए ‘नेवता भोज’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत आमजन और संगठन विशेष अवसरों जैसे राष्ट्रीय पर्व, त्योहार, जन्मदिन या विवाह वर्षगांठ पर स्कूली बच्चों को भोजन करा सकते हैं। डांड़जमड़ी में आयोजित जनचौपाल के बाद कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने आंगनबाड़ी केंद्र और प्रायमरी एवं मिडिल स्कूल का भी अवलोकन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चों की संख्या, उनकी उपस्थिति, गतिविधियों और पोषण आहार की जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों को ठंड से बचाव के लिए अपने हाथों से स्वेटर भी पहनाए। स्कूलों के अवलोकन के दौरान, कलेक्टर ने बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति तथा अध्ययन-अध्यापन के स्तर की जांच की। उन्होंने प्रायमरी स्कूल के बच्चों से पहाड़ा, पर्यावरण अध्ययन और अंग्रेजी की किताबें पढ़वाकर उनके शैक्षिक स्तर का आकलन किया। बच्चों का पढ़ाई-लिखाई का स्तर बहुत अच्छा पाया गया। कलेक्टर ने सभी बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आने और समझ न आने वाले विषयों को शिक्षकों से बार-बार पूछने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों को और अधिक लगन से बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी बच्चों को कॉपी, पेन और चॉकलेट देकर उनका मनोबल बढ़ाया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीओ फॉरेस्ट गौतम पड़िभार और महिला एवं बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा भी उपस्थित थे।
<
