![]()
रायपुर शहर में जारी भीषण जलसंकट के बीच नगर निगम के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बुधवार सुबह डंगनिया पानी टंकी से पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित हुई। इसके चलते 10 से अधिक इलाकों की डेढ़ लाख आबादी को पानी नहीं मिल पाया। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम पानी सप्लाई के बाद टंकी ऑपरेटर ने वाल्व बंद किया, लेकिन खराबी के चलते वॉल्व पूरी तरह से बंद नहीं हो पाया। यही कारण है कि ओवरहेड टैंक में पानी भरने के बाद सुबह तक 34 लाख लीटर पानी बह गया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में जल कार्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समस्या को दूर किया गया। इसके बाद ओवरहेड टैंक को दोबारा भरा गया। शाम डंगनिया पानी टंकी से पानी की सप्लाई बहाल हो पाई। ज्ञात हो कि दो दिन पहले ही भाठागांव में मेन राइजिंग लाइन का वाल्व भी खराब हुआ था। इसके दौरान पानी का फव्वारा फूट गया था। करीब दो घंटे बाद वाल्व में सुधार किया गया था। जोन-5 के आयुक्त खीरसागर नायक ने कहा कि वाल्व की तकनीकी समस्या थी, इसलिए परेशानी हुई है। सुबह ही इसे दूर कर लिया गया है। साथ ही रोजाना वाल्व की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। डंगनिया स्थित पानी टंकी की कुल क्षमता 34 लाख लीटर है। यह टंकी शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पानी सप्लाई का प्रमुख स्रोत है। डंगनिया टंकी से समता कालोनी, चौबे कालोनी, रोहिणीपुरम, कुशालपुर, सुंदरनगर, पुरानी बस्ती, कंकालीपारा, खो-खो पारा, अमरपुरी और भीमनगर क्षेत्र में पानी की सप्लाई होती है। जलसंकट से मंत्री भी जूझ रहे हैं, लेकिन उन तक पूरा टैंकर पहुंचता है… पहली तस्वीर सड्डू इलाके में स्थित अविनाश कैपिटल होम्स की है। यहां कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का निजी मकान है। जलसंकट के बीच इनके निजी निवास में टैंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है। दूसरी तस्वीर चंगोराभाठा इलाके की है, जहां आम शहरी इलाके में पहुंचे एक टैंकर से पानी भरने के लिए पूरा मोहल्ला टूट पड़ता है। वीवीआईपी के हिस्से तो बड़ी मात्रा में पानी आता है, लेकिन आमजनता को मिलता है बाल्टीभर पानी। पेयजल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे: मेयर महापौर मीनल चौबे ने बुधवार को नगर निगम के जल कार्य विभाग और जल बोर्ड के अधिकारियों की बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजधानी में नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो दिनों के भीतर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
साथ ही गर्मी के मौसम में पेयजल संबंधी जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया। अवैध पानी बेचने वाले गुलजार: नेता प्रतिपक्ष कई इलाकों में पानी का अवैध कारोबार करने की जानकारी सामने आई है। शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे स्थानीय निवासियों ने नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से मिलकर इसकी जानकारी दी। लोगों ने बताया कि चांगोराभाटा क्षेत्र के वार्ड नंबर 67 में करण नगर में किशोर पटेल द्वारा अवैध रूप पानी का कारोबार किया जा रहा है। आसपास के बोर सूख गए हैं। इसी तरह महर्षि वाल्मीकि वार्ड-31 के एटीएम चौक के पास संतोष श्रीवास्तव द्वारा अपने बोर से पानी निकाल कर बोतल बंद पानी की इकाई का संचालन किया जा रहा है। आकाश तिवारी ने कहा कि इस कारोबार पर कांग्रेस शासनकाल में जोन-5 की ओर से कार्रवाई करते हुए यूनिट को सील किया गया था।
<
