![]()
बिलासपुर। रेलवे यात्रियों को निशाना बनाकर जेवरात और नकदी चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय महिला गिरोह का जीआरपी बिलासपुर ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने ट्रेनों में महिलाओं के हैंडबैग और जेवरात चोरी करने की बात कबूल की है। वहीं रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही सात अन्य महिलाओं को भी चोरी की नीयत से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में हुई थी लाख के करीब जेवरात की चोरी जीआरपी थाना प्रभारी विश्वनाथ चक्रवर्ती ने बताया कि पामगढ़ निवासी दिनेश कुमार पंकज की पत्नी ने ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल कोच से 95 हजार रुपये मूल्य के जेवरात से भरे लेडीज हैंडबैग की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान गुरुवार को रेलवे स्टेशन में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र की चार महिलाएं संदिग्ध अवस्था में घूमती मिलीं। पुलिस को देखकर वे भागने लगीं, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। रायपुर से रायगढ़ तक ट्रेनों में करती थीं चोरी पूछताछ में महिलाओं ने अपना संबंध नागपुर (महाराष्ट्र) के अंजनी थाना क्षेत्र से होना बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में रायपुर से रायगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेनों में महिलाओं के हैंडबैग, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करती थीं। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए जेवरात नागपुर की ज्वेलरी दुकानों में बेच दिए जाते थे और प्राप्त रकम गिरोह के सदस्यों के बीच बांट ली जाती थी। 24 हजार रुपये नकद बरामद तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी महिलाओं के कब्जे से कुल 24 हजार रुपये नकद बरामद किए। इनमें पूनम विनेश मानकर और अरुणा विट्ठल उइके के पास से 10-10 हजार रुपये, जबकि अनीता मंगल सिंह और चैत्रा लोढे के पास से 2-2 हजार रुपये मिले। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 24 जून तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एसी कोच में चोरी करने वाला ‘सफेदपोश’ भी गिरफ्तार जीआरपी ने एक अन्य मामले में एसी कोच में चोरी करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। उधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस के एसी कोच ए-1 में सफर कर रहे ग्वालियर निवासी जय सावनानी के बैग से सोने की चैन और 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गए थे। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने दुर्ग निवासी फरहान तासिरखान (39) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उसे भी न्यायिक रिमांड पर 23 जून तक जेल भेज दिया गया है। स्टेशन पर चोरी की नीयत से घूम रहीं 7 महिलाएं भी पकड़ी गईं जीआरपी की नियमित चेकिंग के दौरान रेलवे प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध रूप से घूम रही सात महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार ये महिलाएं महाराष्ट्र की निवासी हैं और चोरी की नीयत से स्टेशन परिसर में घूम रही थीं। गिरफ्तार महिलाओं में सगुना लोढ़े, हीरामणि लोढ़े, ललिता राम सिंह, सरस्वती चंद्र नाउ, सुमन मानकर, रेशमा हाथागढ़े सहित अन्य शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। यात्रियों से सतर्क रहने की अपील जीआरपी ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है तथा ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
<
