![]()
देहरादून में 10 मई को आयोजित नेशनल कराटे चैंपियनशिप टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के ग्राम छड़िया की छात्रा जास्मिन कोशले ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कराटे और कुमिते दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में पूरे भारत से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। जास्मिन, धन्नु कोशले की बेटी हैं और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचरी की छात्रा हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जास्मिन को जनपद पंचायत तिल्दा के अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे और ग्राम पंचायत छड़िया की सरपंच सरिता उगेंद्र देवांगन द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया था। जास्मिन की सफलता पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी आरपी दास, विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार कोशले और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने जास्मिन को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है।
<
