![]()
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। मृतक की पहचान ग्राम पेण्ड्री निवासी अजय कौशिक (25) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अजय किसी निजी कार्य से कोसला गांव की ओर जा रहे थे। खम्बे से जोरदार टक्कर मौके में ही मौत पामगढ़ क्षेत्र स्थित साहू कॉम्प्लेक्स के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार से खंभे से हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पामगढ़ थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस जांच कर रही है सूचना मिलने पर पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, बाइक अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी।
<
