![]()
कोरबा शहर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बोलेरो सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बुधवारी बाईपास से बलगी मार्ग के बीच हुई इस घटना में एक युवक को बोलेरो से कुचल दिया गया, जबकि उसके साथी का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट और लूटपाट की गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू के रूप में हुई है, जो जिला पुलिस बल में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे का पुत्र है। बताया जा रहा है कि चंद्रमणि अपने दोस्तों के साथ कार में था। इसी दौरान बोलेरो सवार युवकों से रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया। कार से उतरते ही चढ़ा दी बोलेरो प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान जब चंद्रमणि कार से नीचे उतरा, तभी बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन उसकी ओर दौड़ा दिया। बोलेरो की चपेट में आने से चंद्रमणि गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बोलेरो सवार मौके से फरार हो गए। चंद्रमणि के साथ मौजूद अन्य युवक किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले। पीछा करने पर युवक का अपहरण, फिर मारपीट घटना के बाद चंद्रमणि के साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर स्कूटी से आरोपियों की बोलेरो का पीछा करने लगे। बताया जा रहा है कि बलगी मार्ग पर हमलावरों ने अरविंद को पकड़ लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद 25 से 30 युवकों ने मिलकर अरविंद की बेरहमी से पिटाई की। हमलावरों ने उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंक दिया। नकदी, आईफोन और सोने के जेवर लूटे पीड़ित के परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने अरविंद की जेब से एक लाख रुपये नकद, एक आईफोन, सोने की अंगूठी और गले की सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। निजी अस्पताल में भर्ती दोनों युवक घटना में घायल चंद्रमणि रात्रे और अरविंद राठौर को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार चंद्रमणि की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अरविंद के हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है।
<
