![]()
कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 16 टन लोहे का कबाड़ और चार वाहन जब्त किए हैं। जब्त किए गए कबाड़ और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक और नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। बंद परिसर में मिला 14 टन कबाड़ थाना उरगा प्रभारी निरीक्षक नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कसडोल स्थित एक बंद परिसर में छापा मारा। पंचों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक और एक अन्य ट्रक में लदा करीब 14 टन लोहे का कबाड़ और बाइक के कटे हुए पार्ट्स जब्त किए। तीनों वाहनों को भी कब्जे में लिया गया। जब्त सामग्री और वाहनों की कीमत लगभग 12.60 लाख रुपये आंकी गई है। कुसमुंडा में लावारिस पिकअप से मिला कबाड़ इसी दौरान 7 जून 2026 को थाना कुसमुंडा पुलिस को वैशालीनगर जरहाझेल 06 नंबर बैरियर मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन खड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप क्रमांक CG-10-E-8576 की तलाशी ली। वाहन में लोहे की जाली, पाइप, रोलर सहित करीब 2 टन लोहे का कबाड़ भरा हुआ मिला। पुलिस को देखकर चालक मौके से फरार हो गया। वाहन और कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पिकअप और उसमें भरा कबाड़ जब्त कर लिया। दस्तावेज नहीं मिलने पर की गई जब्ती प्रारंभिक जांच में बरामद कबाड़ संदिग्ध और लावारिस प्रकृति का पाया गया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा कबाड़ और वाहनों के स्वामित्व संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके चलते पुलिस ने समस्त मशरूका को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है। अवैध कारोबारियों पर आगे भी रहेगी नजर उरगा और कुसमुंडा थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई में कुल 16 टन कबाड़ और चार वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और कबाड़ के स्रोत तथा इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा है कि कबाड़ चोरी, अवैध परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
<
