![]()
जशपुर जिले में एक घर की बाड़ी से भारी मात्रा में अवैध गांजे के पौधे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से 40 गांजे के पौधे जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 82 हजार 300 रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह (58 वर्ष) निवासी ग्राम लोदाम खिखिर टोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना लोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है। जशपुर पुलिस ने जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कार्रवाई की है। यह मामला थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम खिखिर टोली का है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 26 मई को लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खिखिर टोली निवासी विजय सिंह अपने घर के आंगन के पास स्थित बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। आरोपी ने गांजे के पौधों को छिपाने के लिए चारों तरफ प्लास्टिक की जाली और साड़ी से घेराबंदी कर रखी थी। घर में छिपाकर उगाए गए गांजे के पौधे सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद एसएसपी डॉ. लाल उमेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में लोदाम पुलिस थाना टीम ने गवाहों और एफएसएल टीम के साथ आरोपी के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान बाड़ी में साड़ी और प्लास्टिक नेट से ढके हुए क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने 40 गांजा पौधे किए जब्त, आरोपी हिरासत में पुलिस ने जब पौधों को उखाड़कर गिनती की तो वहां कुल 40 गांजे के पौधे पाए गए। इनमें 18 बड़े पौधे थे जिनकी अधिकतम ऊंचाई लगभग 4 फीट 7 इंच थी, जबकि 22 छोटे पौधों की ऊंचाई करीब 2 फीट बताई गई। पुलिस ने सभी पौधों को गवाहों के समक्ष जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी विजय सिंह ने गांजा उगाने की बात स्वीकार कर ली। सबूत मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
<
