![]()
जशपुरनगर के कुनकुरी थाना क्षेत्र के डुगडुगिया गांव में घर में घुसकर लूटपाट और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रितेश प्रताप सिंह उर्फ लक्की (23) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी रितेश उर्फ लक्की आदतन बदमाश है। उसे पहले जिला बदर किया जा चुका है। इतना ही नहीं, वह पहले न्यायालय पेशी से लौटते समय लोरो घाटी में पुलिस कस्टडी से भी फरार हो चुका है। रात में घर में घुसा आरोपी पीड़ित किया राम यादव (60) निवासी खारीझरिया ने कुनकुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल की रात करीब 11 बजे वह घर में सो रहे थे। तभी बहू के कमरे से चीखने की आवाज आई। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि रितेश उर्फ लक्की कमरे से भाग रहा था, जबकि उसके दो साथी बाहर खड़े थे। इसके बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। विरोध करने पर मुंह दबाया पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी जबरन कमरे में घुसा और अलमारी खोलकर पैसे निकालने लगा। विरोध करने पर उसने तकिए से मुंह दबाकर जान लेने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी 2 लाख 10 हजार रुपए नगद, एक रियलमी मोबाइल और चांदी की पायल लूटकर भाग गए। पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम में साइबर यूनिट को भी शामिल किया गया। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रितेश उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। ये सामान बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 18 हजार रुपए, वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की है। जेल भेजा गया आरोपी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुनकुरी थाना में अपराध क्रमांक 79/2026 के तहत धारा 309(4), 331(6), 109(1), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया है। 26 अप्रैल को आरोपी को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि यह गंभीर अपराध है। मुख्य आरोपी गिरफ्तार हो चुका है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
<
