![]()
जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में रविवार को एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। पाकरगांव स्थित बेहरा टेंट हाउस के गोदाम में लगी इस आग से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह अग्निकांड कचरा जलाने से निकली चिंगारी के कारण हुआ। स्थानीय निवासियों ने बताया कि गोदाम के पीछे कचरा जलाया जा रहा था। इसी दौरान एक चिंगारी उड़कर गोदाम में रखे ज्वलनशील टेंट और सजावट के सामान तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही समय में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। दमकल पहुंचते तक जल कर ख़ाक हो चूका था सामन सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश टेंट और सजावट का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। नुकसान का सटीक आकलन अभी जारी है, लेकिन यह भारी आर्थिक क्षति मानी जा रही है। टेंट हाउस के संचालक नित्या बेहरा ने इस घटना को लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि इस आगजनी से उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है। कचरा जलाने से चिंगारी उठकर गोदाम तक पंहुचा प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटना को गंभीरता से लिया है। तहसीलदार प्रांजल मिश्रा ने पुष्टि की कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और राजस्व अमला नुकसान का आकलन कर रहा है। पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि शुरूआती जांच में कचरा जलाने से चिंगारी उठकर गोदाम तक पहुंचने की बात सामने आई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आगजनी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
<
