![]()
जशपुर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के मुख्य सप्लायर को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी रंजन साहू उर्फ राजन उर्फ पाकु (30) सुंदरगढ़ (ओडिशा) के ग्राम मालिपाड़ा खटकुरबहार का निवासी है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। यह मामला जनवरी 2026 में शुरू हुआ था, जब चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम सुरंगपानी निवासी मोहित कुमार गुप्ता को नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उसके पास से 640 शीशियां प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरप बरामद की थीं। इनकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 11 हजार रुपये बताई गई थी। फरार था मुख्य आरोपी मोहित कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इस नेटवर्क की गहन विवेचना की। जांच के दौरान पता चला कि जब्त की गई कफ सिरप का मुख्य सप्लायर ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले का रंजन साहू है। घटना के बाद से ही रंजन साहू फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने बताया कि 20 जनवरी 2026 को मुखबिर और तकनीकी टीम से सूचना मिली थी कि मोहित कुमार गुप्ता ओडिशा से नशीली कफ सिरप लेकर लौट रहा है। सूचना पर लाखझार घाट के पास नाकाबंदी की गई। वहां बिना नंबर की होंडा सिटी 110 मोटरसाइकिल पर सवार मोहित कुमार गुप्ता को रोका गया। दो बोरियों में नशीले कफ सिरप मिले उसकी तलाशी लेने पर दो बोरियों में रखे 320-320 शीशियों के दो कार्टून बरामद हुए। मोहित कुमार गुप्ता से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर जंगल में छुपाकर रखे गए दो और कार्टून भी मिले। इस तरह कुल 640 शीशियां जब्त की गईं। रंजन साहू है मेन सप्लायर पूछताछ में मोहित कुमार गुप्ता ने खुलासा किया कि वह यह प्रतिबंधित कफ सिरप उड़ीसा निवासी रंजन साहू से खरीदकर इलाके में खपाता था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी रंजन साहू के खिलाफ भी NDPS एक्ट की धारा 21(C), 27(A) और 29 के तहत मामला दर्ज किया और उसकी तलाश तेज कर दी। उड़ीसा से मुख्य आरोपी को पकड़ा एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर उड़ीसा भेजी गई। पुलिस टीम ने सुंदरगढ़ जिले के ग्राम मालिपाड़ा खटकुरबहार में घेराबंदी कर आरोपी रंजन साहू को गिरफ्तार किया और जशपुर लाकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिससे नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने की संभावना है।
<
