छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी और मानसिक प्रताड़ना के कारण एक युवक द्वारा खुदकुशी करने का दिल दहला देने वाला …और पढ़ें

HighLights
- रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगी, परेशान युवक ने की खुदकुशी।
- ठग दंपत्ति ने मेस में नौकरी का झांसा देकर ऐंठे थे 5 लाख रुपए ।
- न्याय के लिए दर-दर भटक रहे पीड़ित पिता, पुलिस पर भी गंभीर आरोप।
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी और प्रताड़ना से तंग आकर युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों के चंगुल में फंसकर अपनी जान गंवाने वाले युवक के लाचार पिता ने अब प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद थक-हारकर कलेक्टर जनदर्शन में न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम हिरी निवासी रमेश साहू ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनदर्शन में अपनी पीड़ा सुनाई। उन्होंने बताया कि भवानी वैष्णव ने अप्रैल 2025 में बेटे राहुल साहू को रेलवे मेस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके एवज में पीड़ित पिता ने अपनी काश्तकारी भूमि को गिरवी रखकर कुल पांच लाख रुपए नगद आरोपित दंपत्ति को सौंपे थे। आरोपितों ने छह महीने के भीतर नौकरी लगाने का खोखला आश्वासन दिया था।
समय बीतने के बाद जब नौकरी नहीं लगी, तो पीड़ित पक्ष को ठगी का अहसास हुआ। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपित भवानी वैष्णव और उसकी पत्नी ने रुपए लौटाने से साफ मना कर दिया और उल्टा राहुल को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर डराने-धमकाने लगे। आरोपितों की इस लगातार प्रताड़ना और मानसिक तनाव के कारण राहुल साहू ने घर की बाड़ी में कीटनाशक दवा पी ली। गंभीर हालत में उसे सिम्स हास्पिटल बिलासपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने गुहार लगाते हुए ग्राम लिमतरा निवासी पति भवानी वैष्णव और पत्नी अम्बिका वैष्णव पर कार्रवाई करने की मांग की है।
<
