भास्कर न्यूज | राजपुर जनपद पंचायत राजपुर के सभाकक्ष में जनपद अध्यक्ष विनय भगत की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। इसमें जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही। बैठक की शुरुआत महिला सशक्तिकरण व नारी वंदन अधिनियम 2023 पर विस्तृत चर्चा के साथ हुई। अध्यक्ष विनय भगत ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को वर्ष 2029 के आम चुनाव में लागू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि 131वां संविधान संशोधन विधेयक का लोकसभा में पारित न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस पर विपक्षी दलों के रवैये के खिलाफ जनपद पंचायत ने सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद क्षेत्र में पांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें 6 मई को कोटडीह, 13 मई को गोपालपुर, 21 मई को अलखडीहा, 29 मई को खोडरो और 5 जून को सिधमा में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आमजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में खंड स्तरीय अधिकारियों ने शिविरों की तैयारियों और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही जनप्रतिनिधियों से इन शिविरों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। अंत में उपस्थित सभी सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त कर बैठक का समापन किया। इस दौरान जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, जनपद सीईओ संजय दुबे, एसडीओ जानू राम सोनवानी सहित अन्य सदस्य और अधिकारी मौजूद रहे।
<
