भास्कर न्यूज | बालोद जिले में जनगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारियों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनगणना के प्रथम चरण के तहत 30 अप्रैल तक स्व-गणना के प्रचार-प्रसार की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान इच्छुक परिवार ऑनलाइन पोर्टल https:// se.census.go v.in/ पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। हालांकि यह प्रक्रिया पूरी तरह से ऐच्छिक है, अनिवार्य नहीं। यदि कोई परिवार स्वयं जानकारी दर्ज नहीं करता है, तो 1 मई से 30 मई के बीच प्रगणक उनके घर पहुंचकर आवश्यक जानकारी संकलित करेंगे। प्रथम चरण के अंतर्गत 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। जनजागरूकता के लिए स्लोगन, वीडियो, जिंगल, ऑडियो, प्रिंट विज्ञापन और होर्डिंग्स का उपयोग किया जाएगा। साथ ही, नगर निकायों की कचरा संग्रहण गाड़ियों के ऑडियो सिस्टम, शासकीय कार्यालयों की एलईडी स्क्रीन, ट्रैफिक सिग्नल, स्कूल, बस स्टॉप और ग्राम पंचायतों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। जनगणना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए 1855 नंबर का टोल फ्री नंबर जारी किया गयौहै।
<
