![]()
बलरामपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश की सीमा पर गांजे से भरे ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में 50 बोरी से अधिक गांजा भरा हुआ मिला है। गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गांजा ओडिशा से ट्रक में भरा गया था और तड़के तीन बजे चेकपोस्ट पार करने की कोशिश आरोपी कर रहे थे। मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तीन बजे एक ट्रक को बसंतपुर पुलिस ने रोककर जांच की। ट्रक तेजी से निकल रहा था। पुलिस ने ट्रक को रोका तो ट्रक के चालक एवं परिचालक हड़बड़ा गए। पुलिस ने ट्रक में लोड सामन की जांच की तो पूरा ट्रक गांजे से भरा मिला। घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ओडिसा से लोड किया गया था पूरा ट्रक पुलिस ने दो आरोपियांे को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान यूपी के सहारनपुर निवासी लोकेश कुमार और मुजफ्फरनगर निवासी आमिर के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ओडिशा के सोनपुर से लोड किया गया था। 16 चक्का ट्रक में नीचे गांजा भरा हुआ था और गांजे को छिपाने के लिए उपर में प्लास्टिक की बोरियों में कुछ पावडर भरा हुआ मिला। पुलिस टीम गांजे को अनलोड कर तौल कर रही है। गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है। वाड्रफनगर एसडीओपी रामवतार धु्रव ने बताया कि गांजा की तौल कराई जा रही है। तौल के बाद ही बता सकेंगे कि ट्रक में कितना गांजा मिला है।
फरार सरगना को ट्रैक करते हुए पकड़ा गया गांजा
बलरामपुर पुलिस ने पांच माह पूर्व एक ट्रक से 12 क्विंटल गांजा जब्त किया था। जब्त गांजे की कीमत 6 करोड़ रुपए बताई गई थी। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते होते हुए राजस्थान भेजा रहा रहा था। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों से पूछताछ की तो पता चला कि तस्करी का मुख्य आरोपी सहारनपुर निवासी लोकेश कुमार है जो ट्रक का मालिक भी है। वह लगातार फरार था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और उसे लगातार ट्रैक कर रही थी। बताया गया है कि पुलिस को साइबर सेल से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी लोकेश कुमार ओडिसा से सरगुजा के रास्ते बलरामपुर की ओर आ रहा है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए चेकपोस्ट पर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान वह ट्रक में पकड़ा गया। ट्रक की जांच में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई है। छत्तीसगढ़ के कई थानों को पार कर बलरामपुर पहुंचा ट्रक यह ट्रक ओडिशा से छत्तीसगढ़ सीमा में घुसा और रायगढ़, सरगुजा सहित सूरजपुर के कई थाना क्षेत्रों को पार करते हुए यूपी सीमा तक पहुंच गया। पहले से सतर्क पुलिस ने यूपी सीमा पर गांजे के बड़े खेप को पकड़ लिया। बलरामपुर जिले में पकड़ी गई यह गांजे की सबसे बड़ी खेप है। पुलिस कुछ देर में मामले का खुलासा करेगी।
<
