नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी जारी है। बुधवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में लू चलेगी। राजधानी में 21 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। दूसरी तरफ, तेज गर्मी के बाद शाम को हल्की बूंदाबांदी से उमस बढ़ रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हुई, लेकिन अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना रहा। वर्षा के प्रमुख आंकड़ों में कहीं उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर सहित अधिकांश शहरों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना रहा।
इस कारण बढ़ता जा रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बिहार और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से उत्तर तेलंगाना तक एक द्रोणिका विस्तारित है। बावजूद इसके प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। प्रदेश में लगातार उत्तर-पश्चिम से गर्म और शुष्क हवा का आगमन हो रहा है। इस कारण तापमान में बढ़ोतरी बनी है।
बड़ी संख्या में बीमार पड़ रहे लोग
भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, चक्कर और बेहोशी के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
डिग्री बढ़ रहा अधिकतम तापमान
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
शहर अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर 45.0 28.4
माना एयरपोर्ट 43.8 29.0
रायपुर43.5 29.8
अंबिकापुर 42 24.0
पेंड्रारोड 41.8 25.8
जगदलपुर 40.8 26.5
पहाड़ भी गर्मी व लू की चपेट में
पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है। यूपी का बांदा लगातार चौथे दिन दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। बुधवार को यहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को 48.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर: भीषण गर्मी लू, हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ा, धूप में न निकले बाहर
मौसम विभाग ने बताया कि हालत यह है कि पहाड़ भी गर्मी के साथ लू की चपेट में हैं। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री, हिमाचल के ऊना में पारा 44 डिग्री, उत्तराखंड के देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया।
<
