वायरल वीडियो में शादी समारोह के दौरान महिलाएं और युवतियां भी बंदूक से फायरिंग करती दिखाई दे रही हैं। एक वीडियो में बच्चा भी हथियार पकड़े नजर आया। इसे …और पढ़ें

HighLights
- यह वीडियो भाजपा नेत्री के भाई की शादी समारोह का बताया जा रहा है।
- मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह सहित अन्य हवाई फायरिंग कर रहे हैं।
- कार्यक्रम में फिल्मी गानों के बीच हथियार लहराते हुए रील भी बनाई गई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद कानून व्यवस्था और हथियारों के उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से जुड़े लोग हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं। समारोह में महिलाएं, युवतियां और एक बच्चा भी बंदूक पकड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।
जानकारी के अनुसार वीडियो भाजपा नेत्री के भाई की शादी समारोह का बताया जा रहा है। इसमें मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह सहित अन्य लोग हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम में फिल्मी गानों के बीच हथियार लहराते हुए रील भी बनाई गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कानून व्यवस्था और हथियार लाइसेंस की निगरानी पर सवाल उठाए हैं।
महिलाएं और बच्चे भी हथियारों के साथ दिखे
वायरल वीडियो में शादी समारोह के दौरान महिलाएं और युवतियां भी बंदूक से फायरिंग करती दिखाई दे रही हैं। एक वीडियो में बच्चा भी हथियार पकड़े नजर आया। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने चिंता जताई है। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह हथियारों का प्रदर्शन खतरनाक साबित हो सकता है। लोगों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
धुरंधर फिल्म के गाने पर बनाई गई रील
शादी समारोह में डीजे और फिल्मी गानों के बीच हर्ष फायरिंग की गई। वायरल वीडियो में ‘धुरंधर’ फिल्म के गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। वीडियो सामने आने के बाद तेजी से प्रसारित हो गया। कई लोगों ने इसे कानून का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर घटना को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कांग्रेस ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण ने घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हथियार लाइसेंस का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। कांग्रेस ने मांग की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियारों के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग पर सख्त नियंत्रण के लिए कार्रवाई की जाए।
अब तक मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। बावजूद इसके प्रसारित वीडियो की जांच कराई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार लाइसेंसी हैं या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संजीव शुक्ला, रायपुर पुलिस कमिश्नर
<
