![]()
एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने 5 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा सड़क और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन की मांग की जा रही थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है। सड़कों और गौरव पथ का होगा निर्माण भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में हल्दीबाड़ी कालीबाड़ी से बड़ा बाजार तक जर्जर सड़क का नवीनीकरण, गोदरीपारा से डोमनहिल तक गौरव पथ निर्माण, छोटा बाजार से रेलवे स्टेशन तक रिटेनिंग वॉल का निर्माण तथा हल्दीबाड़ी से रेलवे स्टेशन तक सीसी रोड का निर्माण शामिल है। इसके अलावा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर रोशनी और सुरक्षा की सुविधा मिल सकेगी। लंबे समय से थी मांग स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इन कार्यों की मांग क्षेत्र की जनता और नगर निगम के पार्षदों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के सहयोग से इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों और एसईसीएल से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने में देरी के चलते कार्य प्रारंभ होने में समय लगा, लेकिन अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी परियोजनाओं का भूमिपूजन कर दिया गया है। शहर को मिलेगा आधुनिक स्वरूप मंत्री जायसवाल ने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से चिरमिरी शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और आधुनिक नगरीय सुविधाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
<
